- मेरठ रोड स्थित नुमाइश के मैदान पर कलाकारों ने किया रामलीला का मंचन
- पुतला दहन देखने के लिए पहुंचे लोग, देर रात तक चला कार्यक्रम
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। दशहरे पर उत्साह का माहौल रहा। नुमाइश मैदान में रावण, कुंभकरण और मेघनाद के साथ आतंकवाद का पुतला भी जलाया गया। श्रीराम के जयकारे गूंजे और पटाखे छोड़े गए। सुरक्षा व्यवस्था देखने के लिए एडीजी राजीव सभरवाल पहुंचे। मेला स्थल से मीनाक्षी चौक तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।
शहर में नुमाइश मैदान में विजय दशमी महोत्सव बड़े ही उल्लास के साथ मनाया गया। शाम चार बजे से रामलीला का मंचन शुरू हो गया। श्रीराम और रावण के बीच युद्ध का मंचन देखने के लिए लोग पहुंचे। दोनों सेनाओं के बीच काफी देर तक युद्ध की लीला का मंचन कलाकारों ने किया। मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान और राज्य मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने रिमोर्ट का बटन दबाकर रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले जलाए। विशिष्ट अतिथि डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी, एसएसपी संजीव सुमन, सुखदर्शन बेदी, अमित चौधरी, रोहित चौधरी, सुरेंद्र कुमार गोयल, भीमसेन कंसल, दिनेश गर्ग, अरुण जैन, राजेश जैन रहे। आयोजन में रवि शेखर वत्स, विनोद खेड़ा, डॉ. सुरेश खुराना, अशोक डूमरा, इंदजीत सुनेजा, डॉ. विजय टंडन और विनोद वाधवा का सहयोग रहा।
बटन दबाते ही जल उठा आतंकवाद का पुतला
नुमाइश मैदान में इस बार आकर्षण का केंद्र 15 फीट का आतंकवाद का पुतला रहा। इस पुतले का दहन रिमोर्ट के माध्यम से किया गया। डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी और एसएसपी संजीव सुमन ने रिमोर्ट का बटन दबाकर आतंकवाद का पुतला जलाया।