मुजफ्फरनगर। माध्यमिक शिक्षा विभाग शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों को सम्मानित करेगा। डीआईओएस गजेंद्र कुमार ने जिले के माध्यमिक शिक्षा परिषद के समस्त विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं व प्रधानाचार्यों से शिक्षक पुरस्कार 2022 में सम्मलित होने के लिए आवेदन मांगे हैं। वहीं, जिले में हेलो इंस्पायर हेल्पलाइन भी शुरू की गई है। जिस पर अभिभावकों को विभिन्न जानकारियां दी जाएंगी।
शिक्षकों द्वारा किए गए सामाजिक, राष्ट्रीय व विद्यालयी कार्य। वहीं बताया कि उनके द्वारा लिए गए सेवाकालीन प्रक्षिशण कोविड अवधि व उसके बाद से शिक्षक द्वारा किए गए नवाचार तथा शिक्षक द्वारा बनाए गए टीएलएम आदि विभिन्न बिंदुओं के आधार पर शिक्षकों का चयन किया जाएगा।
डीआईओएस ने जिले के माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से कहा कि अपने छात्र-छात्राओं का नामांकन इंस्पायर अवार्ड पोर्टल पर अवश्य कराएं। इंस्पायर अवार्ड मानक योजना में चयनित छात्र-छात्राओं को केंद्र सरकार द्वारा दस हजार रुपये दिए जाते हैं। किसी भी बोर्ड के कक्षा छह से 10 तक के बालकों का नामांकन विद्यालय द्वारा किया जाता है।
उन्होंने बताया कि अधिक से अधिक विद्यालयों का नामांकन पोर्टल पर हों तथा सही मार्गदर्शन विद्यार्थियों को मिल सके। इस उद्देश्य से जिले में हेलो इंस्पायर हेल्पलाइन भी आरंभ की गई है। प्रतिदिन शाम छह से सात के मध्य इंस्पायर अवार्ड योजना प्रभारी डॉ विकास कुमार से मोबाइल नंबर 9634035623 पर कॉल या व्हाट्स करके विस्तृत जानकारी ली जा सकती है।