रतनपुरी । रायपुर नंगली के पास नेशनल हाईवे पर ट्रक की टक्कर से टाटा मैजिक पलट गया और उसमें सवार एक दर्जन से अधिक बच्चे, महिलाएं व पुरुष घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को नेशनल हाईवे स्थित सेंट फ्रांसिस हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल दो युवतियां तथा एक युवक को नाजुक स्थिति में मेरठ रेफर किया है।
सहारनपुर के गांव नाला पट्टी किशनपुरा निवासी गोविंदा पुत्र चोखेलाल व आदेश पुत्र वेदप्रकाश अपने अन्य परिजनों के साथ टाटा मैजिक में सवार होकर सहारनपुर से मेरठ जा रहे थे। रतनपुरी क्षेत्र के गांव रायपुर नंगली के पास ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। मैजिक के पलटते ही उसमें सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। मैजिक में कई छोटे बच्चे भी थे। हादसे में गोविंदा उसकी पत्नी कमलेश, बेटे अनुज, हरि व मयंक, अनुष्का, प्रियांशी, आदेश व उसकी पत्नी शालिनी तथा उसके बच्चे सुहानी, अनुज, भावना एवं अंजलि घायल हो गए।
पुलिस ने हाईवे एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को हाईवे स्थित सेंट फ्रांसिस हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल अनुज, भावना व अंजलि को एसडीएस ग्लोबल हॉस्पिटल मेरठ रेफर किया है जबकि अन्य घायलों को अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।