मुजफ्फरनगर। राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान प्रयागराज के निर्देशन में दीपचंद्र ग्रेन इंटर कॉलेज में माध्यमिक शिक्षा विभाग मुजफ्फरनगर द्वारा 50वीं जवाहरलाल नेहरू विज्ञान, गणित एवं पर्यावरण जिलास्तरीय प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ जिला विद्यालय निरीक्षक गजेंद्र कुमार, प्रधानाचार्य विजय शर्मा, डॉ. विकास कुमार और बृजेश कुमार ने किया।
प्रदर्शनी के दौरान विद्यार्थियों ने प्रदूषण, यातायात नियम, योगा, हेल्थ, साफ-सफाई आदि की थीम पर मॉडल तैयार किए। जिला विद्यालय निरीक्षक गजेन्द्र कुमार ने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित करने का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके रचनात्मक विचारों को प्रदर्शित करने का अवसर देना है। प्रदर्शनी और कार्यशालाओं में नियमित प्रतिभाग करने से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक भावना और जिज्ञासा का विकास होता है। विज्ञान प्रदर्शनी का मुख्य विषय प्रौद्योगिकी एवं खिलौने था, जिसमें जिले के 92 माध्यमिक विद्यालयों के 230 छात्र-छात्राओं और 90 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग किया। इस मौके पर सोहन पाल, सुनील शर्मा, अजय कुमार, विकास शर्मा, सलीम अहमद, डॉ. कंचन प्रभा शुक्ला आदि मौजूद रहे।