28 मई को लग गई थी वेस्ट ऑयल से भरे ड्रमों में लग गई थी आग
सहायक पुलिस अधीक्षक बोले, एसएसपी को दी जाएगी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। चरथावल मार्ग पर मोबिल ऑयल के गोदाम में आग बुझाने के दौरान झुलसे चार कर्मचारियों के मामले में दमकल विभाग के अधिकारी निष्क्रिय रवैया अपना रहे हैं। सहायक पुलिस अधीक्षक आयुष विक्रम सिंह ने अग्निशमन अधिकारी से मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए थे, लेकिन तहरीर नहीं दी गई।
फुरकान वेस्ट ऑयल एंड केमिकल कंपनी के चरथावल मार्ग स्थित गोदाम के खुले प्लाट में रखे वेस्ट मोबिल ऑयल से भरे ड्रमों में 28 मई को आग लग गई थी। आग बुझाते समय एक ड्रम फटने पर अग्निशमनकर्मी रूप किशोर सैनी, धर्मेद्र, प्रिंस और तरुण झुलस गए थे। एनओसी न होने और चार अग्निशमन कर्मी के झुलसने से नाराज सहायक पुलिस अधीक्षक आयुष विक्रम सिंह ने शहर कोतवाली प्रभारी को आदेश दिए थे। कहा गया था कि वह अग्निशमन अधिकारी से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज करें। मगर, अग्निशमन अधिकारी ने तहरीर नहीं दी।
एनओसी के लिए नहीं किया आवेदन
गोदाम मालिक ने पुलिस को बताया था कि उसने डेढ़ माह पहले एनओसी के लिए आवेदन किया हुआ है। घटना के दस दिन बाद एफएसओ आरके यादव ने कहा कि उनके यहां कोई आवेदन नहीं किया गया है। झुलसे कर्मचारियों ने भी कोई तहरीर नहीं दी हैं। एनओसी के मामले में गोदाम मालिक को नोटिस भेजा जा रहा हैंं।
एसएसपी को भेजी जा रही रिपोर्ट
सहायक पुलिस अधीक्षक आयुष विक्रम सिंह ने कहा कि इस मामले में अग्निशमन विभाग अधिकारी द्वारा तहरीर न देना जांच का विषय है। इस मामले में वे एसएसपी को रिपोर्ट देंगे।