सर्वे की पूरी रिपोर्ट फोटो के साथ पोर्टल पर अपलोड की जाएगी
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। बेसिक शिक्षा के परिषदीय विद्यालयों का पांचवें चरण का सर्वे किया जा रहा है। इसमें विद्यालयों की अवस्थापना सुविधाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। सर्वे की पूरी रिपोर्ट फोटो के साथ पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। इसके लिए डायट के प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण भी दिया गया है।
बेसिक शिक्षा के स्कूलों में पहले स्पेशल एजुकेटर, एआरपी और एसआरसी ने सर्वे किया था। इसके बाद अब शासन के निर्देशों पर पांचवे चरण का सर्वे कराया जा रहा है। इसके लिए शासन ने डायट के प्रशिक्षुओं को जिम्मेदारी सौंपी है। जिला समन्वयक निर्माण दीपक कुमार और जिला समन्वयक निर्माण शामली राहुल ने डायट प्रशिक्षुओं को सर्वे का प्रशिक्षण भी दिया। इसके बाद एक प्रशिक्षु को अधिकतम 20 स्कूलों की जिम्मेदारी दी गई है।
बताया कि एक दिन में तीन से अधिक स्कूलों का सर्वे नहीं किया जाना है। सर्वे के लिए मुजफ्फरनगर डायट के 70 और शामली के 44 प्रशिक्षुओं को जिम्मेदारी दी गई है। जिले में बेसिक शिक्षा के 951 परिषदीय स्कूल है। जिनमें सर्वे किया जाएगा। इस दौरान सर्वे की फोटो समेत पूरी जानकारी प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड की जाएगी।