मोरना (मुजफ्फरनगर)। गन्ना तोल सेंटरों पर शुगर मिल मालिकों द्वारा मनमानी किए जाने पर बिजनौर लोकसभा सीट के सांसद मलूक नागर ने कड़ा ऐतराज जताया।
लॉकडाउन के दौरान किसान और मजदूर पूरे देश के लिए अन्नदाता बने हुए हैं, केंद्र सरकार को किसानों के प्रति हमदर्दी दिखाते हुए जब खेतों में गन्ने की फसल खड़ी है, तब तक मिल बंद नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री योगी और प्रदेश के राज्य गन्ना मंत्री सुरेश राणा को मांग पत्र भेजते हुए बताया कि मिल संबंधित दूर-दराज क्षेत्रों में मिलों द्वारा गन्ना तोल सेंटर स्थापित कर किसानों का गन्ना लिया जाता है। लेकिन अब मिल मालिक अपनी मनमानी दिखाते हुए सप्ताह में दो दिन तौल कराते हुए अन्य दिन गन्ना तोल सेंटरों पर गन्ना तौल नहीं करा रहे हैं। केंद्र सरकार को मिल मालिकों की मनमानी पर लगाम लगानी चाहिए, ताकि किसानों को गन्ना मिल में चल जाए।