- पहले मार्च में कराए जाने थे गन्ना समितियों के चुनाव
- डेलीगेट के चुनाव की प्रक्रिया 14 जुलाई से प्रारंभ होगी
- गन्ना समितियों में संचालकों का चुनाव दो अगस्त से प्रारंभ होगा
- सभापति और उप सभापति का चुनाव दस अगस्त को होगा
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर/ चरथावल। मुख्य निर्वाचन आयुक्त के आदेश के बाद एक बार फिर गन्ना समितियों के चुनाव कार्यक्रम में परिवर्तन किया गया है। चुनाव लड़ने वाले राजनीतिक धुरंधर मायूस है। नए आदेशों में 14 जुलाई से चुनाव कराने का कार्यक्रम घोषित किया गया है।
गन्ना समितियों के चुनाव का कार्यक्रम लगातार बदल रहा है। मार्च में चुनाव की तिथियां घोषित की गई थी। मगर, नगर निकाय चुनाव के कारण गन्ना समिति के चुनाव की तिथियों में बदलाव किया गया था। इसमें 20 जून से मतदाता सूची का अनंतिम प्रकाशन से प्रक्रिया निर्धारित की गई थी। गन्ना समितियों का प्रतिनिधियों और सर्किलों के संचालकों का अनंतिम आरक्षण घोषित हो चुका है। मगर, बृहस्पतिवार को आयोग ने फिलहाल प्रक्रिया को स्थगित करते हुए बदलाव किया है।
जिला गन्ना अधिकारी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने चुनाव की प्रक्रिया के समय में बदलाव किया है, जो प्रक्रिया 20 जून से शुरू होनी थी, अब वह 14 जुलाई से शुरू होगी। जिले में आठ गन्ना समिति है, जिनमें डेलीगेट, संचालक और सभापति का चुनाव होना है। एक चीनी मिल समिति है, जिसमें उप सभापति का चुनाव होगा। जिन गांवों में 100 किसान गन्ना समिति के सदस्य हैं, वहां एक डेलीगेट चुना जाएगा। इससे अधिक सदस्य होने पर गांव से दो डेलीगेट चुने जाएंगे। डेलीगेट के चुनाव की प्रक्रिया 14 जुलाई से प्रारंभ होगी। डेलीगेट का चुनाव 23 जुलाई को होगा। जिले की गन्ना समितियों में संचालकों का चुनाव दो अगस्त से प्रारंभ होगा, इसमें मतदान नौ अगस्त को होगा। सभापति और उप सभापति का चुनाव दस अगस्त को होगा।
रोहाना और बिरालसी गन्ना समिति के सचिव शशि प्रकाश सिंह ने बताया चुनाव आयुक्त के आदेश प्राप्त हो गए है। उसी के अनुपालन में अगली प्रक्रिया कराई जाएगी।
डेलीगेट के चुनाव का कार्यक्रम
अनंतिम मतदाता सूची का प्रदर्शन 14 जुलाई
अंतिम सूची का प्रकाशन 18 जुलाई
नामांकन दाखिल होगा 19 जुलाई
चुनाव चिन्ह का आवंटन 21 जुलाई
मतदान 23 जुलाई
संचालक के चुनाव का कार्यक्रम
अनंतिम मतदाता सूची का प्रदर्शन दो अगस्त
अंतिम सूची का प्रकाशन चार अगस्त
डायरेक्टर का नामांकन पांच अगस्त
नामांकन पत्रों की जांच छह अगस्त
चुनाव चिन्ह का आवंटन सात अगस्त
संचालक का चुनाव नौ अगस्त
सभापति का चुनाव दस अगस्त को
गन्ना समितियों में सभापति और उप सभापति का चुनाव दस अगस्त को होगा। नामांकन, नामांकन पत्रों की जांच, मतदान और विजयी प्रत्याशी की घोषणा सब दस अगस्त को ही निर्धारित समय पर होगी।
2.40 लाख किसान लेंगे भाग
जिले में गन्ने की खेती 85 प्रतिशत किसान करते हैं। गन्ना विभाग में 2.40 लाख किसान पंजीकृत हैं। पंजीकृत सभी किसान गन्ना समिति के चुनाव में भाग लेंगे। गांव स्तर पर होने वाले डेलीगेट के चुनाव में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।