देवबंद (सहारनपुर)। दारुल उलूम के मोहतमिम मौलाना मुफ्ती अबुल कासिम नोमानी ने कहा कि छात्रों को वक्त की कद्र करते हुए बहुत जिम्मेदारी के साथ पढ़ाई पर ध्यान लगाना है। क्योंकि कोरोनाकाल की वजह से दो सालों के भीतर पढ़ाई का बड़ा नुकसान हुआ है। बृहस्पतिवार को दारुल उलूम की नवनिर्मित लाइब्रेरी के कंवेंशन हॉल में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में पिछले दो सालों में उत्तीर्ण हुए छात्रों को पुरस्कृत किया गया, साथ ही वर्तमान शैक्षिक सत्र में प्रत्येक कक्षा में उच्च स्थान पाने वाले छात्रों को भी इनाम दिए गए। इस दौरान संस्था के मोहतमिम मौलाना मुफ्ती अबुल कासिम नोमानी ने छात्रों को सुन्नत-ए-नबवी पर अमल करते हुए जिंदगी गुजारने की नसीहत दी, साथ ही कहा कि छात्रों को चाहिए कि वह मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करें और पिछले दो सालों में पढ़ाई का जो नुकसान हुआ है उसकी भरपाई करें। संस्था के सदर मुदर्रिस व जमीयत उलमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी ने कहा कि वर्तमान हालात में इस्लाम की अमन और शांति की शिक्षा को आम करने की जरूरत है। मदरसों से निकलने वाले छात्र दीन का प्रचार प्रसार करें। मौलाना खुर्शीद ग्यावी व मौलाना नेमतुल्लाह आजमी ने भी विचार रखे। इसमें मुफ्ती अबुल कासिम नोमानी व मौलाना अरशद मदनी सहित मजलिस-ए-शूरा के सदस्य मौलाना बदरुद्दीन अजमल आदि ने छात्रों को नकद धनराशि व पुस्तकें भेंट कर प्रोत्साहित किया। इस दौरान काफी संख्या में छात्र मौजूद रहे।