शाहपुर। विकासखंड क्षेत्र के परिषदीय स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने शैक्षिक भ्रमण के दौरान पेपर मिल में कागज बनने की प्रक्रिया को देखा।
विकासखंड क्षेत्र के परिषदीय स्कूलों जूनियर हाईस्कूल के छात्र-छात्राओं का एक शैक्षिक टूर खंड शिक्षा अधिकारी संजय भारती के नेतृत्व में मुजफ्फरनगर के भोपा रोड स्थित सिद्ध बली पेपर मिल में पहुंचा, जहां छात्र-छात्राओं ने पेपर मिल में कागज बनने की प्रक्रिया को देखने के साथ विस्तार से समझा। इसके अलावा छात्र-छात्राओं ने टरबाइन से हो रही विद्युत निर्माण को भी भली प्रकार देखा। खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि शैक्षिक भ्रमण से ग्रामीण अंचल के छात्र-छात्राओं को नई जानकारियां मिली हैं। शैक्षिक भ्रमण टूर में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं सहित विकासखंड क्षेत्र के परिषदीय जूनियर हाई स्कूलों के 100 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान वार्डन गीता, सौरव गुप्ता, अलका गुप्ता, अमरदीप, जूनियर शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अजय कुमार व वीरपाल आदि मौजूद रहे।