श्रीराम कालेज में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद विद्यार्थी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
विद्यार्थियों ने ली न्यायिक प्रक्रिया की जानकारी
मुजफ्फरनगर। श्रीराम कॉलेज ऑफ लॉ के विधि संकाय के विद्यार्थियों ने न्यायालयों का भ्रमण कर न्यायिक प्रक्रिया की जानकारी ली।
बुधवार को एलएलबी एवं बीएएलएलबी के विद्यार्थी न्यायालय भ्रमण के लिए गए। लॉ कॉलेज के प्राचार्य डा. रविंद्र प्रताप सिंह द्वारा गठित प्रवक्ता सोनिया गौड़ एवं राखी ढिलोर की टीम छात्र-छात्राओं को न्यायालय में लेकर गई। वहां विद्यार्थियों ने अधिवक्ताओं से मुलाकात की तथा कानून की बारीकियों को समझा। सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम, जिला मजिस्ट्रेट, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, सिविल जज एवं जिला जज की अदालत की कार्रवाई एवं रिकार्ड रूम भी दिखाया गया। विद्यार्थियों ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय में जाकर लोक अदालत की कार्यवाही के बारे में जानकारी प्राप्त की। अधिवक्ता निपुण जैन एवं आजम जैदी ने उन्हें अधिवक्ता की डायरी मेंटेन करना सिखाया। सिविल बार एसोसिएशन के सचिव बिजेंद्र मलिक ने कहा कि विद्यार्थी समय-समय पर इस तरह के भ्रमण के लिए आते रहें।