परिजनों को अनहोनी की आशंका, पुलिस ने की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
भोपा। गांव योगेंद्र नगर निवासी 11वीं का छात्र गुरमीत शनिवार की दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। उसकी साइकिल गांव से आधा किलोमीटर दूर खादर के जंगल में पड़ी हुई मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की।
गांव योगेंद्र नगर निवासी कामबीर बंगाली ने पुलिस को बताया कि उसका 17 वर्षीय बेटा गुरमीत कक्षा ग्यारहवीं का छात्र है। एक अच्छा धावक भी है। शनिवार दोपहर वह घर से साइकिल लेकर निकला था। शाम चार बजे तक जब नहीं लौटा तो उसकी तलाश की गई। गांव से लगभग आधा किलोमीटर दूर खुशीपुरा मार्ग पर उसकी साइकिल पड़ी मिली। यह सूचना उन्हें एक बकरी चराने वाले ने दी थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी की। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि छात्र के मोबाइल आदि के माध्यम से उसकी तलाश की जा रही है।