सींचपाल ने एक व्यक्ति और उसके दो बेटों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
भोपा। भोपा के नगला बुजुर्ग-जौली क्षेत्र की गंग नहर पटरी पर केमिकल युक्त राख डाल कर पर्यावरण नुकसान पहुंचाने के मामले का सिंचाई विभाग ने संज्ञान लिया है। शनिवार को सींचपाल ने एक व्यक्ति और उसके दो बेटों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
सिंचाई विभाग के सींचपाल ने गंगनगर की पटरी पर केमिकल युक्त राख डालने वाले लोगों के खिलाफ तहरीर दी। इसमें बताया कि भोपा के नगला बुजुर्ग-जौली क्षेत्र की गंग नहर पटरी पर भारी मात्रा में केमिकल युक्त राख डाल दी गई है। इससे पर्यावरण को भारी नुकसान हो रहा है। नौ जुलाई को इसी राख में नगला बुजुर्ग का मोहम्मद नबी गंभीर रूप से झुलस गया था, जिसका दिल्ली अस्पताल में इलाज चल रहा है। इसकी चपेट में कई वन्यजीव भी आए हैं। बताया कि मामले में आरोपी भूरा उर्फ इरफान और उसके दो बेटों पर पहले भी कार्यवाई हो चुकी है। शनिवार को सींचपाल विकास कुमार ने नगला बुजुर्ग निवासी इरफान उर्फ भूरा ठेकेदार और उसके दोनों बेटों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।