स्ट्रीट वेंडर्स को मिलेगा दस हजार रुपये का ऋण
मुजफ्फरनगर। नगर पालिका ईओ विनय कुमार मणि त्रिपाठी ने पथ विक्रेताओं की बैठक लेकर सरकार द्वारा शुरू की गई पीएम स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि योजना की जानकारी दी। मंगलवार को बैठक में ईओ ने पीएम स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन से प्रभावित शहरी पथ विक्रेताओं के लिए लघु ब्याज आधारित अनुदान ऋण सुविधा दी जाएगी। रोजगार शुरू करने के लिए दस हजार रुपए तक का ऋण दिया जाएगा। ऋण पर किसी प्रकार का बंधक गारंटी नहीं देय है। समय पर या समय से पहले ऋण वापसी करने पर सात प्रतिशत की दर से ब्याज सब्सिडी है। डिजिलटल लेनदेन पर 50-100 रुपए तक मासिक नकदी वापसी कैश बैक प्रोत्साहन भी है। वहीं प्रथम ऋण की समय पर वापसी करने पर अधिक ऋण की उपलब्धता है। उन्होंने बताया कि 2 जुलाई से इस योजना के संबंध में रजिस्ट्रेशन शुरू किए जाएंगे। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए नगर पालिका और डूडा कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।