रतनपुरी (मुजफ्फरनगर)। गांव कितास में कक्षा में सीट पर बैठने को लेकर दो छात्रों में मारपीट हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव भी हुआ। इसमें महिला सहित तीन घायल हो गए। घायल छात्र की ओर से 15 लोगों के विरुद्ध एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराया गया। दूसरे पक्ष ने भी छह लोगों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कराया है।
गांव कितास निवासी छात्र मयंक पुत्र रामपाल ने थाने में तहरीर देकर बताया कि वह गांव में ही स्कूल में पढ़ता है। बृहस्पतिवार की सुबह स्कूल में उसने अपना स्कूल बैग कक्षा में मेज पर रखा था। छात्र विकांशु पुत्र सुभाष ने उसका बैग उठाकर फेंक दिया। इसे लेकर दोनों में मारपीट हो गई। कक्षा में मौजूद अन्य छात्रों ने दोनों को शांत करा दिया। आरोप है कि इसके बाद छात्र विकांशु ने अपने साथियों सोनित पुत्र पप्पू, कुलदीप एवं गौतम पुत्रगण चेतन, धर्मेंद्र पुत्र बिजेंद्र, मोहित पुत्र जीतू, हरेंद्र पुत्र प्रकाश, कपिल पुत्र देवेंद्र, रितिक पुत्र पवन, अरविंद एवं गोविंद पुत्रगण नेत्रपाल, जैकी पुत्र महेश, प्रवीण पुत्र धारा, कुंवर साहब पुत्र राजेश और भूरा पुत्र ओमपाल आदि को बुला लिया और उसकी पिटाई की। शोर-शराबा सुनकर आए अन्य लोगों ने बमुश्किल उसे बचाया।
इसके बाद जब वह अपने घर चला गया। आरोपियों ने उसके घर पर पथराव कर दिया। पथराव में मयंक की चाची शकुंतला एवं चाचा प्रीतपाल घायल हो गए। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बुढ़ाना अस्पताल भेजा। मयंक की तहरीर पर पुलिस ने उक्त सभी आरोपियों के विरुद्ध एससी/एसटी एक्ट सहित संगीन धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है।
उधर, दूसरे पक्ष से धर्मेंद्र पुत्र बिजेंद्र ने भी पथराव का आरोप लगाते हुए छह लोगों अरविंद पुत्र मोहनपाल, सौरभ पुत्र चंद्रपाल, हरेंद्र पुत्र कृष्णपाल, अंकित पुत्र रामपाल, सुमित पुत्र प्रीतपाल तथा शुभम पुत्र देवीलाल के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने उक्त छह लोगों के विरुद्ध भी मुकदमा पंजीकृत किया है।