पुलिस लाइन में अंडर-14 क्रिकेट लीग टूर्नामेंट का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। अंडर-14 क्रिकेट लीग टूर्नामेंट में सेंट जेवियर्स क्रिकेट एकेडमी मीरापुर ने दो मैच जीतकर फाइनल में जगह पक्की कर ली है।
पुलिस लाइन में पहला मैच पीसीए क्रिकेट एकेडमी मुजफ्फरनगर और सेंट जेवियर्स क्रिकेट एकेडमी मीरापुर के बीच खेला गया। मीरापुर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 151 रन बनाए। जवाब में पीसीए एकेडमी मात्र 101 रन पर ऑल आउट हो गई। मीरापुर ने 50 रनों से जीता। मैच में 38 रन और 2 विकेट लेने वाले मीरापुर के खिलाड़ी आदित्य को मैन ऑफ द मैच दिया गया।
दूसरा मैच सेंट जेवियर्स क्रिकेट एकेडमी मीरापुर और स्पोर्ट्स स्टेडियम मुजफ्फरनगर के बीच खेला गया। मीरापुर ने 175 रन का स्कोर बनाया। जवाब में स्पोर्ट्स स्टेडियम मुजफ्फरनगर की टीम 112 रनों पर ऑल आउट हो गई। मीरापुर ने यह मैच 63 रनों से जीत लिया। इस मैच में भी आदित्य ने शानदार 59 रन बनाकर मैन ऑफ द मैच प्राप्त किया।
अंपायर पलक शर्मा और यश धवन रहे। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मैच के अतिथि राजेश राणा ने दिया। मैच के दौरान लीग आयोजन सचिव गौरव सिद्धार्थ, आशुतोष, बेबी कुमार, विवेक आदि मौजूद रहे।