शुक्रवार को मुबारिकपुर तिगाई के ग्रामीणों के हंगामे के बाद पालिका ने ली सुध
संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली। कूड़ा निस्तारण प्लांट को लेकर हुए हंगामे के बाद नगर पालिका प्रशासन ने गांव मुबारिकपुर तिगाई के ग्रामीणों की समस्या की सुध ली है। शनिवार को कूड़े के ढेर पर नगर पालिका की ओर से कीटनाशक का छिड़काव और फॉगिंग कराई गई। करीब एक दर्जन कर्मचारियों को लगाकर छिड़काव कराया गया।
गांव मुबारिकपुर तिगाई में कूड़ा निस्तारण प्लांट से ग्रामीण आक्रोशित हैं। शुक्रवार को ग्रामीणों ने प्लांट पर कूड़ा डालने वाली गाडि़यों को वापस भेज दिया था। कहना था कि यहां पर कूड़ा डालने से गांव में दुर्गंध फैल रही है। मक्खी का भी प्रकोप बढ़ गया है। ग्रामीणों का जीना दूभर हो गया है। शनिवार को ग्रामीण इस समस्या के समाधान के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान से भी मिलने के लिए गए हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान नहीं होता हैं तो वे गांव छोड़ देंगे।
इसके बाद पालिका प्रशासन ने शनिवार को एक दर्जन से भी अधिक कर्मचारियों को मौके पर भेजा और कूड़े पर कीटनाशक का छिड़काव कराया। कूड़े पर बीएससी पाउडर भी डाला जाएगा, ताकि मक्खी का प्रकोप कम होगा। पालिका एसआई ने बताया कि प्लांट के चालू होने के बाद ग्रामीणों को कोई परेशानी नहीं होगी।