सोनीपत जिले के गांव पड़ी खुर्द निवासी मोहन के रूप में हुई पहचान
पुलिस जांच में जुटी, सोनीपत पुलिस को भी सूचना
संवाद न्यूज एजेंसी
छपार (मुजफ्फरनगर)। हाईवे पर बिजोपुरा चौराहे के निकट लावारिस कार की पिछली सीट पर युवक का शव पड़ा मिला। कार लॉक थी। जेब में मिले आधार कार्ड से मृतक की पहचान हरियाणा के सोनीपत जिले के गांव पड़ी खुर्द निवासी मोहन के रूप में हुई। जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अंदेशा है कि कार में अन्य लोग भी सवार रहे होंगे।
शुक्रवार की सुबह पुलिस हाईवे पर गश्त कर रही थी। लावारिस हालत में ब्रेजा कार देखकर चेक किया तो एक युवक पिछली सीट पर पड़ा था। कार लॉक थी। शीशा तोड़कर देखा तो युवक मृत अवस्था में पड़ा था। पुलिस ने युवक के कपड़ों की तलाशी ली तो जेब से आधार कार्ड मिला। इसके आधार पर युवक की पहचान हरियाणा के जनपद सोनीपत की तहसील राई के गांव पड़ी खुर्द निवासी मोहन पुत्र कृष्ण (37) के रूप में हुई। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दी और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कार की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया।
सीओ सदर यतेंद्र सिंह नागर भी जांच के लिए पहुंचे। पुलिस ने बताया कि कार की चॉबी और मृतक का मोबाइल गायब था। कार से मिले कागजातों से पता चला कि वह टेंट और हलवाई का काम करता था। कार हरिद्वार की ओर से आईं थीं। सोनीपत पुलिस को भी जानकारी दी गई है।