संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। शहर के नुमाइश ग्राउंड में 13 सितंबर से 11 अक्तूबर के बीच पड़ने वाले मंगलवार को मंगल बाजार नहीं लगेगा। जिला प्रशासन ने 20 सितंबर से 10 अक्तूबर तक 13 जिलों में होने वाली सैनिक भर्ती रैली के मद्देनजर नुमाइश ग्राउंड को आरक्षित किया है।
डीएम चंद्रभूषण सिंह ने आदेश जारी किए कि इन दिनों नुमाइश ग्राउंड में होने वाले सभी आयोजन और मंगल बाजार पर प्रतिबंध रहेगा। दशहरे का पर्व भी इस बार जीआईसी के मैदान पर मनाया जाएगा। नगर मजिस्ट्रेट अनूप सिंह ने बताया कि 20 सितंबर से 10 अक्तूबर तक 13 जनपदों की सैनिक भर्ती रैली की तैयारी के मद्देनजर नुमाइश ग्राउंड आरक्षित करते हुए 13 सितंबर से 11 अक्तूबर के बीच पड़ने वाले मंगलवार को लगने वाले मंगल बाजार को निरस्त किया है। उन्होंने बताया कि सैनिक भर्ती रैली के दृष्टिगत इस अवधि में नुमाइश ग्राउंड में किसी भी प्रकार का कोई भी आयोजन, दशहरा और मंगल बाजार प्रतिबंधित रहेगा। 13 सितंबर से 14 अक्तूबर की अवधि में नुमाइश ग्राउंड और समीपवर्ती मैदान, सड़क किनारे किसी भी प्रकार कोई आयोजन मंगल बाजार, पैंठ पर पाबंदी रहेगी।