- खेतों में पानी भरा होने के कारण पशुओं के चारे का संकट गहराया
फ़ोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
पुरकाजी। खादर क्षेत्र में सोलानी नदी में पानी कम होने से ग्रामीणों ने राहत तो महसूस की है, लेकिन नदी में अभी भी करीब 14 फीट पानी होने से ग्रामीणों को नाव में बैठकर ही नदी पार करनी पड़ रही है। खेतों में पानी भरा होने के कारण पशुओं के लिए चारे की समस्या बनी हुई है।
शनिवार को उत्तराखंड से पानी छोड़े जाने व क्षेत्र में हुई बारिश से सोलानी नदी का जल स्तर बढ़ जाने से नदी उफान पर आ गई। पानी नदी से बाहर निकलकर गांवों के रास्तों पर आ गया था। गांव रामनगर, रजगल्ला पुर, शेरपुर नगला, रतन पुरी, चमरा वाला, बनारसी वाला, अलमावाला के रास्तों पर पानी आ जाने से ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो गया था। रविवार को रास्तों से पानी कुछ कम होने से ग्रामीणों ने राहत तो महसूस की है।
ग्रामीण राजू प्रजापति, डॉ. गुलशन कुमार, साधु राम, छोटेलाल, यादराम, बिजेंद्र सिंह ने बताया कि गांवों के रास्तों पर पानी कम होने से व सोलानी नदी का जल स्तर घटने से राहत तो महसूस हुई है। नदी में भी अभी करीब 14 फीट पानी होने के कारण ग्रामीण नाव में बैठकर ही नदी पार कर पा रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गांव रामनगर, रजकल्ला पुर, शेरपुर नगला, रतनपुरी आदि के रास्ते पूरी तरह टूट चुके हैं।