सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर हुआ आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। खुशहाल परिवार दिवस मनाया गया। प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र पर दंपती को परिवार नियोजन के लाभ के बारे में बताया। परिवार नियोजन के साधनों की सुविधा प्रदान की गई।
सीएमओ डॉ महावीर सिंह फौजदार ने बताया कि खुशहाल परिवार दिवस पर दो बच्चों के जन्म के बीच तीन वर्ष का सुरक्षित अंतर रखने के लिए परिवार नियोजन के अस्थाई साधनों की जानकारी दी गई। उत्तर प्रदेश टेक्निकल सपोर्ट यूनिट के सहयोग से परिवार नियोजन के बारे में काउंसलिंग की गई। महिलाओं के लिए गर्भनिरोधक इंजेक्शन अंतरा, आईयूसीडी और पीपीआईयूसीडी की सुविधा मुहैया कराई गई।
परिवार पूरा कर चुके योग्य दंपती को परिवार नियोजन के स्थाई साधन अपनाने की सलाह दी गई। कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ दिव्या वर्मा ने बताया कि जिला महिला अस्पताल के साथ सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और स्वास्थ्य उप केंद्रों पर खुशहाल परिवार दिवस मनाया गया।