मुजफ्फरनगर। मंगलवार को दिन में दूसरा ट्रांसफार्मर भी फुंकने के बाद कूकड़ा बिजलीघर से आपूर्ति बंद हो जाने से लोग गर्मी में बेहाल हो गए। पूरा दिन बिजली नहीं आई वहीं इनवर्टर डाउन हो जाने से रात को भी लोगों की नींद उड़ गई। बिजली नहीं आने से बुधवार को पेयजल की समस्या खड़ी हो गई।
लोगों ने कॉलोनियों पर किराए पर जनरेटर मंगाकर पेयजल आपूर्ति कराई। बैंक और अन्य संस्थानों में जनरेटर चलाकर व्यवस्था बनानी पड़ी। नवीन मंडी में भी अधिकतर व्यापारियों ने जनरेटर से अपने जरूरी काम किए। लखनऊ से 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर बुधवार सुबह कूकड़ा बिजलीघर लाया गया। नए ट्रांसफार्मर को लगाने में दिनभर कर्मचारी जुटे रहे। देर रात तक आपूर्ति सुचारू कराने का प्रयास चल रहा है।
अधिशासी अभियंता टाउनहाॅल डीसी शर्मा ने बताया कि विद्युत ट्रांसफार्मर को बिजली घर पर स्थापित करने से पहले कई चरण में उसकी टेस्टिंग और चार्जिंग का काम किया जाता है। इसमें करीब 6 से 7 घंटे का समय लगता है। ट्रांसफार्मर लग गया है, जल्द ही आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद है। विद्युत विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों के फीडरों को कुछ समय के लिए दूसरे फीडरों से जोड़कर आपूर्ति के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की।
कूकडा मंडी बिजलीघर में फाल्ट हो जाने से शनिवार को 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर फुंक गया था। मंगलवार को फॉल्ट के चलते दूसरा ट्रांसफार्मर भी फुंक गया, जिससे बिजलीघर से आपूर्ति बंद हो गई। इससे शहर की नई मंडी, पटेलनगर, गांधीनगर, भरतिया काॅलोनी, जानसठ रोड के करीब 12 हजार से अधिक उपभोक्ता बिजली गुल रहने से प्रभावित हुए। कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने लखनऊ में बिजली विभाग के अधिकारियों से बात कर व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे।
मंगलवार सुबह करीब 11 बजे बिजली आपूर्ति बाधित होने के चलते लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। गर्मी में किसी तरह रात गुजरी, लेकिन बुधवार सुबह पानी की किल्लत खड़ी हो गई। लोगों ने पालिका में कॉल करनी शुरू कर दी। ईओ प्रज्ञा सिंह का कहना है कि जनरेटर चलाकर पेयजल की आपूर्ति की गई है। इसके अलावा जहां अधिक जरूरत थी, वहां टैंकर भी भिजवाए गए।
मुख्य अभियंता पवन अग्रवाल ने बताया कि बुधवार को प्रभावित क्षेत्र में नई मंडी के चौड़ी गली फीडर को डेढ़ घंटे के लिए गांधीनगर बिजली घर के फीडर से जोड़ा गया। कूकड़ा फीडर को भी दो घंटे के लिए टीपी नगर बिजलीघर फीडर से जोड़कर आपूर्ति दी गई।
-