अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। रात के समय मौसम का मिजाज बेहद ठंडा बना हुआ है। मंगलवार की रात पाला गिरने से रात का न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री अटका रहा। दिन और रात के तापमान में करीब 19 डिग्री का अंतर हो गया है। मौसम विज्ञानियों ने न्यूनतम तापमान अभी चार डिग्री से कम रहने का अनुमान जताया है। इस सप्ताह बूंदाबांदी के आसार भी जताए गए हैं।
मंगलवार की रात बेहद सर्द गुजरी। लोग ठंड से बचाव के लिए देर रात तक अलाव का सहारा लेते नजर आए। हालांकि बुधवार दिन में मौसम साफ रहा और सुबह से ही तेज धूप खिली। दिन में धूप खिलने के कारण तापमान दो डिग्री बढ़कर 20.1 डिग्री तक पहुंच गया। दिन में लोगों को ठंड से राहत मिली।
धूप खिलने से बाजारों में बढ़ी आवाजाही
धूप खिलने से बाजारों में चहल-पहल नजर आई। शहर के सदर बाजार, भगत सिंह रोड, नई मंडी समेत विभिन्न बाजारों में दुकानों पर ग्राहकों की संख्या अन्य दिनों की अपेक्षा अधिक रही।