खतौली। मुजफ्फरनगर और मेरठ के बीच हाईवोल्टेज लाइन पर काम कर रहे संविदा कर्मचारी दूसरी लाइन का तार गिर जाने से करंट की चपेट में आ गए। हादसे में छह कर्मचारी झुलस गए, जिन्हें मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सठेड़ी बाईपास के निकट सरधना क्षेत्र में पिछले दिनों बिजली लाइन के पांच टावर गिर गए थे। रविवार को मेरठ के अलग-अलग गांव के कर्मचारी बिजली लाइन पर काम कर रहे थे। टावर खड़ा करने के दौरान पास से ही गुजर रही दूसरी लाइन का तार गिर गया। लाइन में करंट प्रवाहित होने के कारण मेरठ के पोहल्ली गांव निवासी बाबूलाल व जोनी, अलीपुर गांव निवासी टीटू, हामिद व नईम झुलस गए। साथ काम कर रहे कर्मचारी झुलसे लोगों को लेकर मेरठ के निजी अस्पताल में पहुंचे और उपचार कराया।