संवाद न्यूज एजेंसी
देवबंद। विद्युत निगम द्वारा किसानों पर दर्ज कराए गए बिजली चोरी समेत अन्य मुद्दों को लेकर एक्सईएन कार्यालय परिसर में चल रहा भाकियू (तोमर) का धरना सातवें दिन भी जारी रहा। बुधवार को मंडल अध्यक्ष चौधरी विरेंद्र सिंह ओहलान की तबीयत बिगड़ने पर सीएचसी के चिकित्सकों ने धरनास्थल पर पहुंचकर उनका चेकअप कर उपचार दिया।
चौधरी विरेंद्र सिंह ओहलान ने कहा कि जब तक किसानों पर दर्ज फर्जी बिजली चोरी के मुकदमे खत्म नहीं होंगे तब तक धरना जारी रहेगा। यदि जरूरत पड़ी तो प्रशासन से आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष चौधरी सुदेशपाल सिंह धरनास्थल पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को संबोधित करेंगे। वहीं, धरनास्थल पर बैठे किसानों में इस बात को लेकर भारी रोष है कि अभी तक कोई बड़ा अधिकारी उनकी बात सुनने तक नहीं पहुंचा है। अध्यक्षता नागल ब्लाक अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र सिंह व संचालन सुशील कुमार ने किया। इस मौके पर विपिन कुमार, रणबीर सिंह, मुस्तफा, मो. कलीम, अकरम, सुनील कुमार, उमंग कुमार, ओमपाल सिंह व कुलदीप त्यागी आदि कार्यकर्ता रहे।