सड़क हादसे में बहन की मौत, भाई घायल
पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। गंगनहर पटरी पर कम्हेड़ा के पास ट्रैक्टर की टक्कर से स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका भाई घायल हो गया।
उत्तराखंड के गांव जौरासी रुड़की निवासी 55 वर्षीया फुरकान अपनी बहन 50 वर्षीय रकीबा पत्नी मौहम्मद आजम निवासी ज्वालापुर उत्तराखंड के साथ स्कूटी से गांव सीकरी थाना भोपा में अपने भाई की साली की शादी में जा रहा था। रास्ते में पुरकाजी क्षेत्र के गांव कमहेड़ा में एक ट्रैक्टर ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में लेकर घायलों को पुरकाजी अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने रकीबा को मृत घोषित कर दिया और घायल फुरकान को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिसकी जानकारी मिलते ही उसके परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे की जानकारी मिलने पर गांव सीकरी में शोक छा गया और कई लोग पुरकाजी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। परिजनों ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।