करोड़ों का माल स्टॉक में मिला, कब्जे में लेकर जांच शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। वाणिज्य कर विभाग की एसआईबी टीम ने स्क्रैप व्यापारी के प्रतिष्ठान पर छापा मारा। टीम ने फर्म का सारा रिकॉर्ड अपने कब्जे में ले लिया। टीम को मौके पर करोड़ों को स्टॉक मिला है। मॉल की जांच की जा रही है।
कस्बे के मुजफ्फरनगर रोड पर जेके हाइड्रोलिक एग्रीकल्चर उमरदराज आयरन स्टोर पर लोहे और प्लास्टिक के स्क्रैप काम किया जा रहा है। वाणिज्य कर विभाग की एसआईबी की टीम बृहस्पतिवार की दोपहर प्रतिष्ठान पर पहुंची और रिकॉर्ड अपने कब्जे में ले लिया। एसआईबी के डिप्टी कमिश्नर विवेक मिश्रा ने बताया कि संयुक्त आयुक्त जेएस शुक्ला के निर्देश पर यह कार्रवाई हो रही है। जांच टीम को मौके पर करोड़ों का स्टॉक मिला है। पूरी रात जांच चलने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया लाखों की कर चोरी सामने आई है। पूरी जांच के बाद ही यह सामने आएगा कि जीएसटी की कितनी चोरी की गई है। जांच टीम रिकॉर्ड मिलान कराने में लगी है। टीम के पहुंचने के बाद कुछ लोगों ने अपने प्रतिष्ठान भी बंद कर दिए। टीम में सहायक आयुक्त महेश पाठक और अरविंद मिश्रा भी शामिल हैं।