- सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। श्रावण मास में सोमवार पर पूजा अर्चना को लेकर भी सतर्कता रहेगी। एसएसपी ने श्रावण मास के सभी सोमवार को मंदिरों पर सुरक्षा बढ़ाने के आदेश दिए हैं। एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने मुजफ्फरनगर से मंसूरपुर तक कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया।
श्रावण मास मंगलवार से शुरू हो जाएगा। सोमवार का श्रावण मास में पूजा का विशेष महत्व है। इसी के चलते मंगलवार से पहले पड़ने वाले सोमवार को भी श्रद्धालुओं द्वारा मंदिरों में भगवान भोले नाथ की पूजा अर्चना की जाएगी। मंगलवार से सभी मंदिरों में प्रतिदिन श्रद्धालुओं द्वारा अपने आराध्य देव भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहेगी। इसी के चलते पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा और व्यवस्था बनाने के लिए अभी से कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।
श्रावण मास के सभी सोमवार को मंदिरों पर पुलिस तैनात रहेगी। इसके लिए एसएसपी संजीव सुमन ने आदेश जारी किए हैं। श्रावण मास की 10 जुलाई को पहला और 28 अगस्त को अंतिम सोमवार तक पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने को कहा है।
- श्रावण मास के सोमवार
10 जुलाई, 17 जुलाई, 24 जुलाई, 31 जुलाई, सात अगस्त, 14 अगस्त, 21 अगस्त, 28 अगस्त को सोमवार हैं।
यह हैं शहर व क्षेत्र के प्रसिद्ध शिव मंदिर-
शिव चौक, बोहरो का मंदिर, गांधी कालोनी अंनतेश्वर महादेव मंदिर, भरतिया काॅलोनी, गणपति धाम मंदिर, सब्जी मंडी कूकड़ा में बारह ज्योतिर्लिंग मंदिर, संभलहेड़ा मीरापुर में शिवालय, शाहपुर के गांव सांझक, शुक्रताल शिव मंदिर प्रमुख हैं।
इन्होंने कहा-
मंदिरों में श्रावण मास में पूजा करने जाने वाले श्रद्धालुओं की मंदिरों में भारी भीड़ रहेगी। इसलिए सुरक्षा व व्यवस्था के लिए पुलिस को तैनात किया जा रहा है। -सत्य नारायण प्रजापत, एसपी सिटी