दुकानदार से मारपीट कर घायल करने का आरोप
मुजफ्फरनगर, पुरकाजी। एक ग्रामीण ने थाने पर तहरीर देकर गांव के ही कुछ लोगों पर उसके पुत्र के साथ मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाया है।
गांव गोधना निवासी ग्रामीण फेरू का आरोप है कि उसका पुत्र संदीप कुमार मंगलवार को सवेरे करीब साढे़ सात बजे अपनी दुकान पर बैठा था। तभी पड़ोसी गांव के ही चार युवक अपने हाथों में लाठी डंडे व धारदार हथियार लेकर आए और उसके पुत्र के साथ गाली गलौच करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने एक राय होकर उसके पुत्र के साथ मारपीट कर सिर पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जब शोर सुनकर उसका दूसरा पुत्र नवनीत मौके पर आया, तो उसके साथ भी मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। पीड़ित ने तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।