संवाद न्यूज एजेंसी
बुढ़ाना। कस्बे के छोटे बाजार में रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान पर खरीदारी करने के बाद युवकों से सामान के पैसे मांगने पर दुकानदार पर हमला कर दिया गया। दुकानदार को हमलावरों से छुड़वाने गए कपड़ा व्यापारी गोपाल सैनी के साथ भी मारपीट की गई। घटना से गुस्साए व्यापारियों ने कोतवाली का घेराव किया। घटना की तहरीर देते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
कस्बे के छोटे बाजार में गांव परासौली निवासी सतपाल सैनी की रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान है। सोमवार को शाम करीब पांच बजे कस्बे के दूसरे समुदाय के कई युवक उसकी दुकान पर पहुंचे। युवकों ने सामान खरीद लिया। आरोप है कि दुकानदार के पैसे मांगने पर युवकों ने दुकानदार पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया। पड़ोसी दुकानदार गोपाल सैनी ने पहुंच कर बचाने का प्रयास किया तो उसे भी घायल कर दिया और फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही व्यापार मंडल के तहसील अध्यक्ष राजेश संगल अन्य व्यापारियों के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। घायल अवस्था में दुकानदार को कस्बे की सीएचसी पर भर्ती कराया। घटना की सूचना व्यापारियों ने पुलिस को दी। सरे बाजार व्यापारी पर हुए हमले से नाराज तहसील अध्यक्ष राजेश संगल के नेतृत्व में व्यापारी बुढ़ाना कोतवाली पहुंचे। व्यापारियों ने कोतवाली का घेराव करते हुए आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
दूसरी ओर प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायल सतपाल सैनी को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। व्यापारी नेता राजेश संगल ने कहा कि असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई न हुई तो व्यापारी आंदोलन करेंगे। घटना की नामजद तहरीर व्यापारियों ने कोतवाली में दी है। इंस्पेक्टर आनंद देव मिश्र ने बताया कि घटना की तहरीर प्राप्त हो गई है। घटना की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। कोतवाली का घेराव करने वालों में नगर अध्यक्ष विकास, नितिन जैन, अनुराग संगल, अंकित गर्ग, शुभम गोयल, गोपाल सैनी, अमरीश बंसल, अनिल जैन, अभिषेक संगल आदि मौजूद रहे।