कांवड़ यात्रा में भव्य लाइटों से झगमगाती कांवड़ एवं बम भोला का उदघोष करते श्रद्धालु।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। शिवालयों की ओर बढ़ रहे कांवड़ियों के कारवां के साथ शहर भी शिवमय हो गया। रुड़की रोड पर झांकियां देखने के लिए रविवार रात तीन बजे तक डटे रहे। डीजे कांवड़ पर शिव के भजनों पर कांवड़ियों और श्रद्धालुओं ने खूब नृत्य किया। झांकियां आकर्षण का केंद्र बनीं रही।
शहर के रुड़की रोड पर आस्था की बयार बही। जिला अस्पताल के पास कच्ची सडक़ से लेकर सुजडू चुंगी तक श्रद्धालुओं की लंबी कतार रही। एक तरफ कांवड़िए अपने-अपने शिवालयों की ओर बढ़ रहे थे और दूसरी तरह शहर के लोग शिवभक्ति में डूबकर कांवड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए रुड़की रोड पर एकत्र हो गए थे। बच्चे, बूढ़े और जवान शिव की भक्ति में गोते लगाते नजर आए। मेरठ की विशाल डीजे वाली कांवड़ रात करीब 11 बजे शिव चौक पर पहुंची तो हजारों लोग एक साथ झूमते हुए नजर आए। देर रात करीब डेढ़ बजे शहर के बोनी डीजे की कांवड़ पर शहर झूम उठा। हिंदू संगठनों ने जगह-जगह कांवड़ को प्रशस्त्रि पत्र देकर सम्मानित किया। डीजे की रंगीन रोशनी में श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई।
रुड़की रोड पर लग गया जाम
रविवार रात डाक कांवड़ पहुंचनी शुरू हुई तो जाम की स्थिति बन गई। सरवट चौराहे के पास मेरठ के मोनू डीजे की कांवड़ फंस गई, जिस कारण जाम लग गया। इसके बाद बिजली सप्लाई काटकर कांवड़ को रॉंग साइड में उतारा गया। जिसके बाद अन्य कांवड़ अपने गंतव्य की ओर पहुंची। मुजफ्फरनगर के बोनी डीजे की कांवड़ को देखने के लिए शिव चौक पर हजारों लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।