मुजफ्फरनगर। सावन के पावन महीने में भगवान भोले का जलाभिषेक करने के लिए शिव भक्त हरिद्वार से गंगा जल लेकर आने शुरु हो गए हैं। कोई 151 तो कोई 131 लीटर गंगा जल की कांवड़ लेकर शिव भक्त अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। इसी कड़ी में बागपत जिले के शिव भक्त हिमांशु त्यागी सोमवार को अपने साथियों के साथ शिव चौक पर पहुंचा।
बागपत निवासी भोला हिमांशु हरिद्वार से 151 किलो गंगा जल भरकर पैदल अपने साथियों संग शहर की ह्रदय स्थली शिव चौक पर पहुंचा। इसके अलावा उसके साथी 131, 121 और 111 लीटर जल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ गए। वहीं, जिले के शाहपुर क्षेत्र के भी शिव भक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर शहर में पहुंचे। शिव भक्तों का कहना था कि वह पहली बार कांवड़ लेकर आए हैं। कांवड़ लेकर आए भोलों ने शिव चौक की परिक्रमा की और बोल बम बोल बम के जयकारों के साथ अपनी गंतव्य की ओर बढ़ गए।
बता दें कि सोमवार को अधिक संख्या में कांवड़ियों का नगर में आगमन हुआ। शिवभक्त पूरे उत्साह और जोश के साथ बोल बम के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े।