खतौली रेलवे प्लेटफार्म पर ट्रेन चलने की प्रतीक्षा करते परेशान यात्री। संवाद
- अधिकारियों को सूचना देने के बाद दूसरी पॉवर आने पर ट्रेन को आगे बढ़ाया गया
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली (मुजफ्फरनगर)। जम्मू तवी से बाडमेर जाते समय सुबह के समय शालीमार एक्सप्रेस ट्रेन की पॉवर फेल हो गई। जिस कारण ट्रेन करीब सवा दो घंटा तक रेलवे प्लेटफार्म पर रुकी रही। इस दौरान ट्रेन में सवार यात्री परेशान रहे। बाद में दूसरी पॉवर आने पर ट्रेन को आगे रवाना किया गया।
जम्मू से दिल्ली जाने वाली शालीमार एक्सप्रेस ट्रेन बुधवार को जम्मू तवी से चलकर सुबह 9 बजकर 59 मिनट पर खतौली रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंची। यहां से जब ट्रेन को चलाया जाने लगा तो उसकी पॉवर फेल हो गई और ट्रेन आगे नहीं बढ़ सकी। पॉवर फेल होने पर ट्रेन में सवार यात्री परेशान हो गए। रेलवे स्टेशन पर ट्रेन करीब सवा दो घंटे तक रुकी रही। अधिकारियों को सूचना देने के बाद दूसरी पॉवर आने पर ट्रेन को आगे बढ़ाया गया। स्टेशन मास्टर मेघा देवी ने बताया कि सुबह 9 बजकर 59 मिनट पर शालीमार एक्सप्रेस खतौली रेलवे स्टेशन पर पहुंची।
सिग्नल देकर जब ट्रेन को आगे बढ़ाया गया तो ट्रेन नहीं चल सकी। लोको पायलट ने सूचना दी कि ट्रेन की पॉवर फेल हो गई है। पॉवर फेल होने की सूचना अधिकारियों को दी। जिस पर गाजियाबाद से दूसरी पॉवर को मंगवा कर ट्रेन को 12 बजकर 13 मिनट पर आगे के लिए रवाना किया गया। ट्रेन करीब सवा दो घंटा स्टेशन पर खड़ी रही।
स्टेशन पर नहीं है वेंडिंग का ठेका
रेलवे स्टेशन पर वेंडिंग का ठेका नहीं है। जिस कारण प्लेटफार्म पर खाने पीने के लिए कोई भी सामान उपलब्ध नहीं होता है। जिससे ट्रेन में सफर करने वाले लोगों को परेशानी होती है। यहां पर ट्रेन रुकने का समय बहुत ही कम होता है। साथ ही प्लेटफार्म काफी ऊंचा होने के कारण अगर यात्री ट्रेन रुकने पर अपनी आवश्यकताओं के लिए सामान लाने का प्रयास करते हैं तो उनसे ट्रेन छूट जाती है।