खतौल-रतनपुरी क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में पार्किंग में खड़ी गाड़ियों में की गई तोड़फोड़।
- कार्यक्रम स्थल से कुछ ही दूर पार्किंग में खड़ी गाड़ियों को बनाया गया निशाना
- बुढ़ाना के इंस्पेक्टर की निजी गाड़ी भी कर दी गई क्षतिग्रस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
रतनपुरी (मुजफ्फरनगर)। क्षेत्र के गांव भूपखेड़ी में रालोद विधायक मदन भैया और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर के कार्यक्रम में पहुंचे आसपा और भीम आर्मी कार्यकर्ताओं की गाड़ियों में असामाजिक तत्वों ने तोड़फोड़ कर दी । भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने थाने पर पहुंचकर आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की।
रतनपुरी क्षेत्र के भूपखेड़ी गांव में रालोद विधायक मदन भैया और आसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर का स्वागत किया गया। कार्यक्रम स्थल से कुछ दूर पार्किंग में खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी गई। असामाजिक तत्वों ने अलग-अलग जगह से कार्यक्रम में भाग लेने आए कार्यकर्ताओं की सात गाड़ियों में तोड़फोड़ की। कार्यक्रम स्थल पर ड्यूटी में आए हुए बुढाना के इंस्पेक्टर क्राइम सुरेंद्र सिंह की प्राइवेट ब्रेजा कार को भी आरोपियों ने निशाना बनाया। इसमें भी तोड़फोड़ की गई।
जानकारी मिलते ही आसपा और भीम आर्मी कार्यकर्ताओं में रोष फैल गया। इस पर आसपा अध्यक्ष चंद्रशेखर ने वहाँ मौजूद रतनपुरी इंस्पेक्टर मिथुन दीक्षित के समक्ष विरोध प्रकट किया तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्यवाही करने की मांग की। सूचना पर सीओ बुढ़ाना विनय कुमार गौतम भी पुलिसबल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने किसी तरह समझाबुझाकर लोगों को शांत किया। पुलिस ने पूरी सुरक्षा में आसपा अध्यक्ष चंद्रशेखर और रालोद विधायक मदन भैया को सभा स्थल से निकाला। इसके बाद आसपा कार्यकर्ता थाने पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। समाचार लिखे जाने तक घटना के संबंध में भीम आर्मी के कार्यकर्ता असामाजिक तत्वों के विरुद्ध तहरीर देने की तैयारी में थाने पर मौजूद थे।
खतौल-रतनपुरी क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में पार्किंग में खड़ी गाड़ियों में की गई तोड़फोड़।