बाकर नगर गांव के लोगों ने जिलाधिकारी कार्यालय पर पहुंचकर दिया ज्ञापन
मुजफ्फरनगर। तहसील जानसठ के गांव बाकर नगर के ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर विकास कार्य ना कराने और लोगों के साथ बदसलूकी करने समेत कई गंभीर आरोप लगाए। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान से जान-माल का खतरा भी बताया है।
भोपा थाना इलाके के गांव कासमपुरा, रहकड़ा और बाकर नगर के ग्राम प्रधान के खिलाफ शिकायत लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पर पहुंचे लोगों ने बताया कि ग्राम प्रधान ने गांव बाकर नगर में कोई भी विकास कार्य नहीं किया है। ना तो गांव में सड़क बनाई और ना ही स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था है। शाम होते ही पूरे गांव में अंधेरा रहता है। साफ-सफाई भी ठीक तरह से नहीं होने के कारण गंभीर बीमारियों का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का आरोप है कि सरकारी राशन भी ठीक तरह से नहीं बांटा जाता। गांव से काफी दूर राशन की दुकान होने के कारण कुछ लोग राशन नहीं ले पाते है।
आरोप है कि जब पूरे मामले की शिकायत कुछ लोगों ने ग्राम प्रधान से की तो उनके साथ गाली-गलौज की गई। ग्रामीणों ने डीएम कार्यालय में ज्ञापन देते हुए ग्राम प्रधान के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की। इस दौरान रूपा कटारिया, मेघराज, ब्रिजेश, फूलमती, पूजा, संगीता, अनीता, कविता, राकेश आदि मौजूद रहे।