किसानों और मजदूरों की समस्याओं के समाधान की मांग
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। मजदूर किसान यूनियन पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बृहस्पतिवार को तहसील मुख्यालय पहुंचे। हाथों में समस्या लिखे बोर्ड लेकर कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। उपजिलाधिकारी के न मिलने पर कार्यकर्ता तहसीलदार कार्यालय के सामने पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने एक ज्ञापन तहसीलदार मनोज कुमार सिंह को सौंपा। जिसमें श्रम कानून का निलंबन वापस लेने की मांग, किसान दुर्घटना एवं सर्वहित लाभ योजना लागू करने की मांग, दुर्घटना में मारे गए मजदूर परिवारों को 20-20 लाख रुपये, घायलों को 5-5 लाख की मदद की मांग की गई। सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों की तीन माह की फीस माफ करने तथा तीन माह का बिजली का बिल माफ करने की मांग की गई। मौके पर पार्टी के संस्थापक सुक्रमपाल, मंगलसैन, रामधन कश्यप, मानसिंह, बबलू, सुरेन्द्र सिंह आदि सहित एक दर्जन कार्यकर्ता मौजूद रहे।