जमुना विहार मोहल्ले में बृहस्पतिवार को दो जर्जर खंभे अचानक टूट गए थे
संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली। जमुना विहार मोहल्ले में बृहस्पतिवार को दो जर्जर खंभे अचानक टूट गए। हाईटेंशन तार मकानों से जा टकराई। इस बात से नाराज मोहल्लेवासी धरने पर बैठ गए। उन्होंने एसडीओ और जेई का घेराव करते हुए हाईटेंशन तार को हटाने की मांग की। इंसुलेटेड तार डाले जाने की आश्वासन पर धरना समाप्त किया गया।
मोहल्ला जमुना विहार में अचानक दो जर्जर बिजली के खंभे टूट गए। खंभे मकानों से टकराकर रुक गए। हाईटेंशन तार मकानों से टकरा गई। जिस समय यह हादसा हुआ उस समय विद्युत आपूर्ति बंद थी। इसके विरोध में मोहल्लेवासी धरने पर बैठ गए। एसडीओ साहब सिंह व जेई विपिन मिश्रा मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों को मोहल्लेवासियों ने अपने बीच धरने पर बैठाकर नारेबाजी की। जर्जर तार, खंभे बदलने और हाईटेंशन तारों को मकान से दूर किए जाने की मांग की।
एसडीओ ने इंसुलेटेड वायर डालने जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना समाप्त हो गया। धरना देने वालों में विशु त्यागी, अभिषेक त्यागी, रविंद्र, अमित सभासद, नरेश, यशपाल, हरपाल, सुधीर, बाबूराम, राकेश आदि शामिल रहे।
खतौली के मोहल्ला जमना विहार में हाईटेंशन लाईन का टूटा खंभा फोटो संवाद