पुरकाजी के गांव मेघा चंदन में किसानों के बीच पहुंचे एसडीएम सदर
गाय अभयारण्य के विरोध में चल रहा किसानों का धरना
संवाद न्यूज एजेंसी
पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। गांव मेघा चंदन में गाय अभयारण्य के लिए चिह्नित की गई भूमि के विरोध में क्षेत्र के किसानों का अनिश्चितकालीन धरना जारी रहा। एसडीएम सदर परमानंद झा ने किसानों के बीच पहुंचकर बातचीत की, लेकिन समाधान नहीं निकला।
गांव मेघा चंदन में प्रशासन ने अभयारण्य के लिए करीब आठ सौ बीघा भूमि चिह्नित की है। क्षेत्र के किसानों का कहना है कि भूमि में करीब दो सौ बीघा भूमि भूमिधर किसानों की है। इस भूमि पर किसान खेती कर अपने परिवारों का पालन पोषण कर रहे हैं। अगर भूमि को नहीं छोड़ा गया तो किसानों के समक्ष परिवारों का पालन पोषण करने की समस्या आ जाएगी।
एसडीएम सदर परमानन्द झा ने किसानों को अन्य जगह पर भूमि देने का आश्वासन दिया। मगर, किसान नहीं माने। धरने पर गांव शकरपुर के पूर्व प्रधान ओम सिंह, मांगेराम मुखिया, कृष्ण पाल चेयरमैन, मंगत सिंह, धीर सिंह मेघा, महेश पाल और सुरेंद्र कुमार मौजूद रहे।