- वहलना कट के पास तेज गति से आए ट्राॅले ने मारी टक्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। शहर के एक युवा स्क्रैप कारोबारी की ट्राॅले से कुचल कर मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। चालक ट्राॅले को मौके पर छोड़ कर फरार हो गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के सुजड़ू के मोहल्ला खालसा पट्टी निवासी अब्दुल कलाम (38) राणा चौक के पास स्क्रैप का कारोबार करता था। सोमवार देर रात वह बाइक से वहलना चौक के पास हाईवे किनारे दुकान पर चाय पीने के लिए गया था। वहलना कट के पास तेज गति से आए ट्राॅले ने स्क्रैप कारोबारी को चपेट में ले लिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे को देखकर चालक ट्राॅले को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। बताया गया कि हादसे को देख रहे लोगों ने चालक को पकड़ने का प्रयास भी किया था।
जानकारी पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी। तब वह मौके पर पहुंचे। इसके बाद शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर ट्राॅले को कब्जे में लिया है। मंगलवार शाम परिजनों ने को शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया।