गांव बरला में बसेड़ा मार्ग पर आठ सशस्त्र बदमाशों ने की वारदात
भागते समय बदमाशों ने तमंचों से फायर भी किए, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी छपार (मुजफ्फरनगर)। गांव बरला में बसेड़ा मार्ग पर अंग्रेजी ओर देशी शराब के ठेकों के सेल्समैनों को हथियारों के बल पर बंधक बनाकर बदमाशों ने हजारों रुपये की नकदी लूट ली। भागते समय बदमाशों ने तमंचों से फायर भी किए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश में घंटों तक जंगल में कांबिंग भी की, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया हैं।
गांव बरला में बसेड़ा मार्ग पर देशी, अंग्रेजी शराब और बीयर के ठेके हैं। शनिवार की रात साढ़े नौ बजे आठ बदमाश वहां पहुंचे और तमंचों के बल पर पहले देशी शराब के सेल्समैन राकेश कुमार को कैंटीन में बंधक बना लिया। उससे गल्ले में रखे 11 हजार 125 रुपये लूट लिए। इसके बाद अंग्रेजी शराब के सेल्समैन प्रवीण शर्मा को ठेके में ही बंधक बनाकर 15 हजार रुपये लूटे। यह वारदात देखे बीयर की दुकान के सेल्समैन ने ठेके के गेट पर ताला लगा दिया। बदमाशों ने वहां पहुंंचे और गेट में धक्के मारे। इसके बाद तमंचों से दो फायर करने के बाद फरार हो गए।
पीडि़त सेल्समैनों ने बताया कि जिस समय लूटपाट की गई, उस वक्त कोई ग्राहक भी नहीं था। उन्होंने ने आठ बजे तक शराब बिक्री की नकदी बांधकर अलग रखी थी। यह नकदी बच गई है। सूचना देने पर पुलिस में हड़कंप मच गया। सीओ सदर यतेंद्र नागर, थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार व बरला पुलिस चौकी प्रभारी मानवेन्द्र भाटी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद कई घंटे तक जंगल में कांबिंग की गई, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगा। पीड़ितों ने थाने में मुकदमा दर्ज कराया हैं।
सीओ सदर यतेंद्र नागर का कहना हैं कि लूट हुई है। सीसीटीवी फुटेज निकालकर जांच की जा रही हैं। जल्द ही लूट का खुलासा किया जाएगा। मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।