पुरकाजी। दो दिन पूर्व हुए प्रसव के दौरान नवजात की मौत हो जाने से गुस्साएं परिजनों ने पीएचसी पर हंगामा किया। उन्होंने महिला चिकित्सक के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की।साथ ही भाकियू तोमर नेता ने पीएचसी पर धरने की चेतावनी दी है।
बिहार निवासी संजय अपने परिवार के साथ क्षेत्र के गांव सुवाहेड़ी में भाकियू तोमर के तहसील अध्यक्ष दिलशाद अहमद के मुर्गी फार्म पर नौकरी करता है। शनिवार की रात वह अपनी पत्नी नीलम को प्रसव के लिए पुरकाजी पीएचसी पर लेकर आया था। जहां पर प्रसव के दौरान नवजात की मौत हो गई थी। सोमवार को भाकियू तोमर नेता दिलशाद अहमद पीड़ित परिवार को लेकर पुरकाजी पीएचसी पर पहुंचे।
उन्होंने प्रभारी चिकित्सक से मिलकर महिला चिकित्सक व अन्य स्वास्थ्य कर्मियों पर प्रसव कराने के नाम पर सुविधा शुल्क मांगने व प्रसव कराने में लापरवाही बरतने का आरोप लगाकर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की और हंगामा किया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की गई तो पीएचसी पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
इस बारे में प्रभारी चिकित्सक डॉ अरुण कुमार का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।