घर जाने को लोगों का क्वारंटीन सेंटर पर हंगामा
जानसठ। गांव कवाल के कालेज में क्वारंटीन हुए ग्रामीणों ने अपने घर जाने के लिए बृहस्पतिवार को हंगामा कर दिया। जिसको लेकर प्रशासन में हड़कंप मच गया।
कवाल से संबंधित 30 लोग कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। जिनके परिजनों को राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में क्वारंटीन किया गया है। फिलहाल अब राजकीय कन्या इंटर कालेज में 67 लोग क्वारंटीन है। बृहस्पतिवार को कालेज में क्वारंटीन लोगों ने अपने घर जाने को हंगामा कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि अब उनका यहां पर मन नहीं लग रहा है। इसलिए उनको घर भेजा जाए। उनका यह भी कहा था कि उनके सैंपल लेकर तुरंत रिपोर्ट मंगवाई जाए। नेगेटिव रिपोर्ट आने पर उनको घर भेजा जाए। क्वारंटीन ग्रामीणों ने अपने घर जाने को काफी देर तक हंगामा किया। सेंटर में मौजूद तहसील कर्मचारियों ने ग्रामीणों को काफी देर तक समझाया। इसके बाद कर्मचारियों ने अधिकारियों से ग्रामीणों की बातचीत कराई। तब कहीं जाकर ग्रामीण शांत हुए।