मोरना। राम मंदिर निर्माण के लिए निधि संग्रह कर रहे संघ कार्यकर्ता के साथ मारपीट की गई। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई।
भोपा के गांव सीतापुरी निवासी संदीप ने तहरीर देते हुए बताया कि वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का कार्यकर्ता हैं। वह शुक्रवार शाम अयोध्या में राम मंदिर निर्माण संग्रहण अभियान के तहत गांव में पैसा एकत्र करने करने जा रहा था। तभी रास्ते में दुकान के चबूतरे पर बैठे एक युवक ने उसे भीख मांगने वाला बताया और संघ के बारे में अभद्र टिप्पणी की। जिसका उसने विरोध किया तो युवक ने अपने चार परिजनों को बुलाकर उसके साथ गाली गलौज शुरू कर दी। जिसका विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पर उसके परिजनों से भी मारपीट की। शोर-शराबा सुन गांव के लोग इकट्ठा हो गए और उसे व उसके परिजनों को बचाया। आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। थाना प्रभारी सूबे सिंह यादव ने बताया कि तहरीर दी गई है। गांव के युवकों ने मारपीट की है। कोई ऐसी चोट नहीं है। एनसीआर लिखवा दी गई है, जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।