मीरापुर। डीसीएम की साइड लगने से बिजनौर से मुजफ्फरनगर जा रही रोडवेज बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई, इस दौरान सवारियों में चीख-पुकार मच गई। यात्रियों को खिड़की से बाहर निकाला गया। हालांकि गनीमत रही कि किसी यात्री को चोट नहीं लगी।
मंगलवार दोपहर बिजनौर निवासी चालक राजकुमार बिजनौर से रोडवेज बस लेकर मुजफ्फरनगर जा रहा था। बस में करीब 45 सवारियां थीं। जब बस मीरापुर बाईपास के निकट पहुंची तभी पीछे से तेज गति से आए एक डीसीएम के चालक ने रोडवेज बस में साइड मार दी, इससे बस अनियंत्रित हो गई और बस का अगला पहिया करीब चार फीट ऊंचे डिवाइडर पर चढ़ गया। चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को ब्रेक लगाकर रोक दी और सवारियों को अपनी खिड़की से नीचे उतारा। घटना के बाद चालक डीसीएम सहित मौके से फरार हो गया। गनीमत रही कि बस सड़क पर नहीं पलटी अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। संवाद