रोडवेज बस ने कार में टक्कर मारी, तीन घायल
खतौली (मुजफ्फरनगर)। नेशनल हाईवे पर रोडवेज बस ने कार में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कार क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीन लोग घायल हो गए। हरिद्वार निवासी राजेंद्र नागर पुत्र सतबीर नागर अपने साथ अपने बहनोई लक्सर निवासी दीपचंद पुत्र कालूराम और छोटे भाई प्रदीप नागर को अपनी कार से मंगलवार की सुबह दिल्ली अपनी रिश्तेदारी में जा रहे थे। हाईवे पर बुढ़ाना अंडरपास से पहले राजेंद्र नागर ने अपनी कार के अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे कार तेज स्पीड से कम स्पीड पर आ गई। इसी दौरान पीछे से तेजी से देहरादून डिपो की रोडवेज बस आ रही थी। बस चालक ने तेजी से ब्रेक भी लगाए, लेकिन बस रुकते रुकते पीछे से कार में टकरा गई। कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार तीनों लोग घायल हो गए। चालक ने बस को रोककर कार सवारों का हालचाल पूछा। बस चालक ने नुकसान के कार सवारों को रुपये दिए, जिसको लेकर आपस में समझौता हो गया था।