बुढ़ाना/रामराज/भोपा। जिले में हुए सड़क हादसों में बालिका और बाइक सवार की मौत हो गई। बुढ़ाना में ट्रैक्टर की चपेट में आने से बालिका और रामराज क्षेत्र में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत हुई। उधर, भोपा क्षेत्र में बाइक-स्कूटी की टक्कर में युवक की मौत हो गई जबकि दो घायल हो गए।
बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के गांव जौला निवासी ग्रामीण नाजिम के घेर के आंगन में ट्रैक्टर खड़ा हुआ था। बुधवार की शाम ट्रैक्टर के पास नाजिम की ढाई वर्षीय बेटी इनाया खेल रही थी। इसी दौरान परिवार के एक बालक ने ट्रैक्टर में चाबी लगाकर उसे स्टार्ट कर दिया। चाबी लगते ही ट्रैक्टर दौड़ पड़ा। हादसे में ट्रैक्टर के पास खेल रही इनाया उसकी चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बालिका को चिकित्सालय में ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गमगीन माहौल में परिजनों ने बालिका के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई।
उधर, रामराज थाना क्षेत्र के गांव देवल के समीप तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। शामली के गांव बनती खेड़ा निवासी राम अवतार (46) बृहस्पतिवार को बाइक से भतीजी को लेने के लिए बिजनौर जा रहा था। दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग स्थित गांव देवल के समीप सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक में सामने से टक्कर मार दी। हादसे में राम अवतार की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया, जबकि आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी।
भोपा थाना क्षेत्र के मोरना में जानसठ मार्ग पर भेड़ाहेड़ी के निकट बाइक और स्कूटी की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए हैं। घायल अंकित निवासी गाजियाबाद और देव निवासी परतापुर मेरठ निवासी है। वह किसी कार्य से मोरना की ओर आ रहे थे। बाइक सवार मृतक युवक की पहचान चोरा वाला निवासी मोहम्मद जैद के रूप में हुई है। ककरौली थाना क्षेत्र के गांव चौरावाला निवासी मोहम्मद जैद बाइक पर सवार होकर मोरना दवाई लेने आया था, जो घर लौट रहा था। इसी दौरान अंकित निवासी गाजियाबाद और देव निवासी परतापुर मेरठ की स्कूटी से उसकी बाइक की टक्कर हो गई। इसमें तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को भोपा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जैद को मृत घोषित कर दिया। पुलिस की सूचना पर मृतक के परिजन सीएससी पर पहुंच गए। बताया गया कि जैद (18) गांव टंढेड़ा के मदरसे में उर्दू की पढ़ाई कर रहा था। स्वास्थ्य खराब होने के कारण बुधवार को घर लौट आया था। मोहम्मद जैद पिता मोहम्मद मोहत्सीम और माता जुलफाना की इकलौती औलाद था। गांव चौरावाला में भी शौक की लहर है।