रतनपुरी। गांव समौली में रिटायर डीआईजी एसएन सिंह का फार्म हाउस है। फार्म हाउस पर देखभाल व अन्य कार्य करने के लिए विजय पुत्र चंद्रकांत नौकर के रुप में कार्य करता है। बृहस्पतिवार की रात करीब दो बजे कुछ चोर फार्म हाउस के मेन गेट का ताला तोड़ कर घुस गए और दो भैंस और एक कटरा लेकर फरार हो गए। आहट होने पर नौकर ने मामले की सूचना ग्रामीणों के साथ साथ रतनपुरी पुलिस को भी दी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक एमपी सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और चोरों की तलाश में ग्रामीणों की सहायता से जंगल में काफी देर तक कांबिंग की। पुलिस को जंगल में एक पिकअप खड़ी मिली। पूछताछ करने पर चालक ने बताया कि उसे भैंस ले जाने के लिए बुलाया गया था। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया। वहीं से कुछ दूरी पर चोरी की गई दोनों भैंस भी बरामद हो गई। पुलिस ने चोरों की तलाश में काफी देर तक जंगल की खाक छानी। लेकिन चोरो का कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस हिरासत में लिए गए गाड़ी चालक से पूछताछ कर रही है। नौकर विजय दो भैंस चोरी की तहरीर दी है।