गर्भवती महिला के साथ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज
मुजफ्फरनगर, भोपा। थाना क्षेत्र के गांव किशनपुर निवासी यूनुस ने तहरीर देकर बताया कि कुछ दिन पूर्व उसकी गर्भवती गुलफाना पत्नी इरफान घर के पास स्थित सरकारी नल पर पानी लेने गई थी। आरोप है कि गांव के ही मोनीस व हमजा ने सरकारी नल पर सबमर्सिबल लगा रखा है। उक्त दोनों ने गुलफाना को पानी लेने से मना कर दिया, जिसका विरोध करने पर आरोपियों ने गर्भवती गुलफाना के साथ ही इरफान व शोएब के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि मारपीट में गुलफाना के गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई, जिसके चलते बुधवार को उसने मृत शिशु को जन्म दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।