मुजफ्फरनगर। क्षेत्र के गांव लकड़संधा में 28 नवंबर की रात युवक की हादसे में मौत के बाद जाम लगाने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने यह मुकदमा वीडियो व फोटोग्राफी कराकर दर्ज किया है।
शहर कोतवाली की बुढ़ाना चौकी प्रभारी ने बताया कि 28 नवंबर की रात लकड़संधा निवासी मनोज की नील गाय की टक्कर लगने से घायल हो गया था। परिजनों को बुलाकर घायल को जिला अस्पताल ले जाया था, जहां उसे मृत घोषित कर दिया था। मृतक के पिता ने नील गाय की टक्कर लगने से मौत होना बताते हुए तहरीर दी थी। बाद में शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव घर ले जाने पर शव रखे ट्रैक्टर को कुछ लोगों ने बिना परिजनों की मर्जी के चरथावल रोड पर खड़ा कर जाम लगा दिया था। वे मनोज की हत्या करने का तीन युवकों के खिलाफ आरोप लगा रहे थे। अधिकारियों के समझाने और आश्वासन देने पर लोग माने और जाम खोला गया।
इस दौरान पुलिस ने वीडियो व फोटोग्राफी कराई थी। वीडियो के आधार पर लकडसंधा निवासी मोहित, बबलू, सागर, संजीव डीलर, सोनू, अजय, अमित, अनुज, मोनू, विनय की पहचान की गई। इनके अलावा पचास-साठ अज्ञात लोग भी शामिल थे। शहर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि जाम लगाकर आरोपी लोगों ने शासन की गाइड लाइन का भी उल्लंघन किया है। आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।