छह आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज
रतनपुरी। नाली का कूड़ा उठाने को लेकर हुए संघर्ष के मामले में महकार पुत्र वकील ने छह आरोपियों को नामजद कराते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव नंगला में एक अगस्त को नाली का कूड़ा उठाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट और पथराव हो गया था, जिसमें कई लोग घायल भी हुए थे। इस मारपीट में गुफरान पुत्र वकील और उसकी चाची जोहरा पत्नी उस्मान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। गुफरान की हालत चिंताजनक बनी है। इस मामले में घायल गुफरान के भाई महकार पुत्र वकील ने तहरीर देकर बताया कि उसका भाई गुफरान उनके चाचा उस्मान के घर खाना खा रहा था। उसी समय गांव के ही मुरसलीन उर्फ मुर्रा पुत्र मुस्तकीम, आफताब पुत्र अकरम, फुरकान पुत्र नूरदीन, मोहम्मद उमर पुत्र आबिद, नासिर उर्फ सोनू पुत्र लियाकत और रहीश पुत्र हसमत ने लाठी डंडों एवं धारदार हथियारों से लैस होकर उनके घर में घुसकर उन पर हमला कर दिया। हमले में गुफरान और उसकी चाची जोहरा घायल हुए थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को मेडिकल हेतु सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां से गुफरान को गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय रेफर किया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने महकार की तहरीर पर नामजद छह आरोपियों के विरुद्ध घर में घुसकर जानलेवा हमला करने का रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन प्रारंभ कर दी है।